धर्म, राजनीति और एजेंडा: जब आस्था बनती है मुखौटा

Share this:

कुछ वर्ष पहले की बात है। सुप्रीम कोर्ट में कोर्ट रूम से निकली तो बाहर गैलरी में एक वकील साहब मिल गए। बातचीत में पता चला कि कुछ लोग ‘हिंदी भाषा’ के लिए कोई कार्यक्रम कर रहे थे, वहाँ उनको जाना था। वे 80 वर्ष से अधिक उम्र के थे और सुप्रीम कोर्ट में हिंदी भाषा से संबंधित एक याचिका के बाद ही प्रसिद्ध हुए थे, हालाँकि बाद में उन्होंने कुछ और चर्चित केस किए थे। स्वयं मेरी उनसे जान-पहचान इसीलिए हुई थी कि पूरे कोर्ट में एकमात्र उनका ही चैंबर मुझे दिखा था जिस पर नेमप्लेट हिंदी में थी। इसलिए हिंदी भाषा के कार्यक्रम में उनको बुलाया जाना मुझे बिल्कुल सामान्य लगा। मेरे साथ एक और एडवोकेट थे। विचार बना कि तीनों लोग चलेंगे।

लेकिन जब कार्यक्रम स्थल पर हम तीनों पहुँचे, तो वहाँ का माहौल थोड़ा मुझे संदेहास्पद सा लगा। लगभग 20-25 लोगों के कार्यक्रम को कवर करने के लिए 50-60 पत्रकार वहाँ पहले से ही उपस्थित थे। खैर! हमने सोचा अंदर जाकर देखना चाहिए।

अंदर मुझे मेरा एक पूर्व क्लाइंट मिला। मैं जितना उसे जानती थी, वह उसी तरह का व्यक्ति था जिसे आजकल ‘राइट विंग गुंडे’ कहा जा रहा है। वह मुझे ऐसा व्यक्ति नहीं लगता था जिसे भाषा या संस्कृति की समझ हो और उसके लिए कार्य करने का उत्साह हो। मुझे देखकर उसने बड़े उत्साह से स्वागत करते हुए कहा कि उसके बुलाने पर भी मैं उसके किसी प्रोग्राम में नहीं जाती थी, आज भगवान ने मुझे वहाँ भेज दिया, आदि।

पर 5 मिनट ही वहाँ रहने के बाद मुझे समझ आ गया कि ‘हिंदी’ का बहाना तो कार्यक्रम को कानूनी रूप देने और हॉल बुक करने के लिए किया गया था। मैंने अपने साथ आए दोनों बुजुर्ग एडवोकेट को मैसेज किया कि हमें इनके हाथों का टूल नहीं बनना चाहिए, बहाना कर एक-एक कर निकल जाना चाहिए। उन दोनों के भी ऐसे ही विचार थे और हम लोग एक-एक कर तीनों वहाँ से निकल गए।

बाहर आते-आते जो शब्द कानों में पड़ रहे थे—”जो भगवान राम को नहीं मानेंगे, उन्हें देश में रहने का अधिकार नहीं है….. अरे उन्हें तो दुनिया में ही रहने का अधिकार नहीं है……..” आदि।

बाद में पता चला वह ग्रुप सुप्रीम कोर्ट के पर्यावरण के लिए पटाखा बैन के आदेश का विरोध कर रहा था। कोर्ट के गेट ‘डी’ पर आकर पटाखा जलाने लगा। मीडिया ने कवर कर लिया, पर उनका उद्देश्य अभी तक पूरा नहीं हुआ था। इसलिए वे 10-15 लोग नारेबाजी और हुड़दंग करते हुए तब तक वहाँ रुके रहे जब तक पुलिस आकर उन्हें ले नहीं गई। यही उनकी रणनीति थी, क्योंकि अगर पुलिस ऐसे मामलों में गिरफ्तार कर लेती है, कुछ देर के लिए भी, तो मीडिया अटेंशन ज़्यादा मिलता है।

अगले दिन से सोशल मीडिया और अन्य जगहों पर कोर्ट के आदेश को हिंदुत्व के विरोध में बताने का अभियान चल पड़ा। आम लोगों को भी मसाला मिला और अपने को अधिक हिंदू साबित करने का मौका।

पर, यह तरीका केवल हिंदुओं तक ही सीमित नहीं है। ऐसा ही एक दूसरा अनुभव हुआ जब एक मुस्लिम संगठन से मुझे और मेरी दोस्त को “महिला अधिवक्ताओं” के विषय में बोलने के लिए बुलाया गया। टॉपिक और समयावधि के विषय में पूछने पर आयोजकों की तरफ से बहुत गोलमोल सा जवाब आया। मुझे शक हुआ कि जो कहा जा रहा है शायद वह न हो। फिर भी हम दोनों ने सोचा चल कर देख लेते हैं। किसी कारण से कार्यक्रम में मेरी दोस्त नहीं आ सकी, मैं अकेली गई।

वहाँ 15 मुस्लिम और 4 हिंदू महिला एडवोकेट थीं। कानून या कानूनी व्यवस्था पर कोई बात नहीं हुई। लगभग सभी मुस्लिम एडवोकेट्स ने कुछ चुनिंदा उदाहरणों से यह साबित किया कि देश में मुस्लिमों का दमन किस तरह होता है। मेरे अतिरिक्त जो 3 हिंदू महिला एडवोकेट्स थीं, उन्होंने अपनी करुण कथा सुनाकर यह बताया कि हिंदुओं में लड़कियों के साथ कितना गलत किया जाता है।

इन सबने एक बात ज़रूर कही कि उन्हें देश से प्रेम है। वे इसे बचाना चाहती हैं। मैं सोच रही थी कि देश से प्रेम और देशवासियों से नफ़रत! फिर ऐसे जमावड़े में मुझे क्यों बुलाया? शायद धर्मनिरपेक्ष रूप देने के लिए। बुर्काधारियों के बीच एक तिलकधारी होने से कार्यक्रम को सेक्युलर लुक मिलता।

डर दिखा कर डर फैलाना। क्रिया और प्रतिक्रिया—दोनों के रूप में डर। सबसे खतरनाक बात तो यह होती है कि अपने छिपे हुए एजेंडा को लोगों से मान्यता दिलाने के लिए एक छद्म वैचारिक आवरण पहना दिया जाता है। यह एक सामान्य बात हो चुकी है दोनों ही तरफ से। हाँ, तरीके में थोड़ा अंतर ज़रूर है। सामान्यतः हिंदू मीडिया और हंगामे में ज़्यादा भरोसा करते हैं, मुस्लिम यही काम शांति से करते हैं। ईसाई भी इसमें पीछे नहीं हैं।

पीछे रह जाता है तो केवल देश और उसके लोगों का हित। शांत होकर सोचने वाला मस्तिष्क। उग्रता धर्म एक ऐसा संकरा रास्ता है जो वापस नहीं जाता। और यह हमसे बेहतर कौन जान सकता है, जिस देश ने अपना लगभग आधा शरीर गँवा कर दो नए देश बना दिए?

यह ज़िम्मेदारी सबकी है कि किसी को धर्म के नाम पर अधर्म करने की छूट न मिले। पर सबसे ज़्यादा ज़िम्मेदारी उसी समुदाय के उन लोगों की है जो एक विवेकशील मस्तिष्क रखते हैं।

Scroll to Top