एक दिन शाम को जब घर लौट रही थी, तो कॉलोनी में कुछ ज़्यादा ही भीड़ दिखी। पता चला कि लोगों ने दो चोरों को पकड़ रखा था।
आसपास में छोटी चोरियों की घटनाएँ बढ़ गई थीं। अधिकांश घटनाओं की तो लोग रिपोर्ट भी नहीं करते थे। गर्मी के झुलसाने वाले दिनों में ज़्यादातर लोग या तो अपने काम से बाहर होते हैं या जो घर में होते हैं, वे टीवी और मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। एसी, कूलर और पंखे की आवाज़ के कारण बाहर की आहट भी कम आ पाती है, इसलिए चोर भी आराम से दिन में चोरी करने लगे हैं। ऐसे में जब लोगों के हाथ ये चोर लग गए, तो लोगों ने एक-दो थप्पड़ मारकर उन्हें बैठा लिया और पुलिस को कॉल किया।
पुलिस की सुस्ती और आम नागरिकों की लाचारी
दो घंटे हो गए। वहाँ से पुलिस स्टेशन की दूरी मात्र 500 मीटर थी, लेकिन पुलिस नहीं पहुँची। लोगों ने वैसे तीन चोर पकड़े थे, पर इन दो घंटों में एक मौका देखकर भाग गया था। लोगों के ऑफिस से आने का समय हो गया था। महिलाओं को घर जाना था। सब पुलिस का इंतज़ार करते-करते थकने लगे थे। लेकिन बार-बार कॉल करने पर भी पुलिस वैन नहीं आई।
मुझे देखकर किसी पड़ोसिन ने मज़ाक में कह दिया कि तुम्हारी तो बड़ी जान-पहचान है, कुछ करो न। मैंने अपने क्षेत्र के विधायक जी को कॉल लगाया, लेकिन लगा नहीं। तो एक पूर्व विधायक प्रत्याशी को कॉल की। उनके कहने के ठीक 15 मिनट के अंदर ही पुलिस आ गई और दोनों को ले गई। दोनों को कब छोड़ा और कोई केस हुआ या नहीं, यह मुझे नहीं पता। लोग भी इतने थक गए थे कि अब उन्हें बस यह लग रहा था कि आकर इन्हें ले जाओ, बस।

‘स्टैंडिंग नेताजी’ का उद्भव और उनका दायरा
अपराध को रोकना पुलिस का सामान्य काम है। लोगों ने ज़िम्मेदार नागरिक का फ़र्ज़ निभाते हुए उन्हें पकड़ा और पुलिस को कॉल भी किया। लेकिन इस सामान्य से काम के लिए भी स्थानीय नेता जी के सहयोग की ज़रूरत पड़ी। अगर प्रशासन अपना यह सामान्य कार्य सामान्य तरीके से करता, तो क्या स्थिति में कोई अंतर होता?
अभी अधिकांश स्थानीय नेता मुख्य रूप से ऐसे ही कामों को करते हैं—पानी पहुँचाना, बिजली ठीक करवाना, गली साफ़ करवाना, कीटनाशक छिड़कवाना, राशन कार्ड बनवाना, विकलांग कार्ड बनवाना आदि।
इन सब कामों के लिए कोई-न-कोई अलग प्रशासनिक विभाग होता है, पर वे यह कार्य स्वयं नहीं करते। इन कार्यों के लिए भी नेता जी के हस्तक्षेप की ज़रूरत होती है। स्थानीय नेता अगर यह भी करें, तो यह भी अच्छा हो। लेकिन यह वे केवल अपने पहचान वाले लोगों के लिए या उनकी सिफ़ारिश पर करते हैं।
ऐसे में बहुत से लोग होते हैं जो चाहते हैं कि स्थानीय नेताओं से उनके संबंध अच्छे हों। इससे उनका आस-पड़ोस में रुतबा बढ़ता है, थोड़ी-बहुत कमाई भी हो जाती है और कौन जाने भविष्य में कभी उन्हें पद या टिकट मिल जाए।
ऐसे स्थानीय नेताओं के पास सामान्यतः तीन तरह के लोग होते हैं—
विशेष लोग: जो कभी-कभी आते हैं और जिनसे नेताजी को भी काम पड़ता है। ये लोग नेताजी के रोज़मर्रा के काम नहीं आते।
विशेष अवसर वाले लोग: जो छुट्टियों या किसी विशेष दिन पर उनके पास नियमित रूप से रहते हैं।
‘स्टैंडिंग नेताजी’: ये सदा-उपलब्ध लोग होते है, जब भी नेताजी कहें, या कहीं जाएँ तो।
ये जो तीसरी श्रेणी होती है, वे वैसे लोग होते हैं जिनके पास कोई ज़्यादा काम नहीं होता। जो लोग पढ़-लिखकर डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस आदि बनने का सपना देखते हैं, वे वहाँ क्यों नियमित रूप से जाएँगे? उनके पास अपना नाम करने के और साधन होते हैं। यह तीसरी श्रेणी, जिसे मैं ‘स्टैंडिंग नेताजी’ कहती हूँ, अपने लोगों और नेताजी दोनों के लिए बड़े काम की होती है।
अपने गाँव-मोहल्ले में इन स्टैंडिंग नेताजी की बातें चलती हैं। सामान्य शरीफ लोग उनसे डरने लगते हैं। नेताजी को अपने काफ़ीले के लिए लोग इनसे ही मिलते हैं। इसलिए यह एक अन्योन्याश्रय संबंध बन जाता है।
नेताजी अगर सत्तारूढ़ दल से हों, तो इन ‘स्टैंडिंग नेताओं’ की हैसियत भी बढ़ जाती है। इसलिए जो भी सत्तारूढ़ दल होता है, उसके उन ‘स्टैंडिंग नेताओं’ की शक्ति अपने आप बढ़ जाती है। ये अपने दल या नेता के लिए बदनामी का कारण होते हैं, तो शक्ति के भी। इसलिए नेताजी चाहकर भी इन्हें हटा नहीं पाते।
बीजेपी हो या टीएमसी, सभी दलों की एक ही बात है। ममता बनर्जी जब बंगाल की सत्ता में आईं थीं, तो कुछ तो कारण होगा कि उन्हें लोगों ने पसंद किया। पर उनके ये स्थानीय ‘स्टैंडिंग नेता’ टाइप गुंडे आतंक के द्वारा अपने दल को जिताने का प्रयास करने लगे।
जिन लोगों को बंगाल का कुछ भी ज़मीनी अनुभव होगा, उन्हें शायद कभी-न-कभी इसका अनुभव भी ज़रूर हुआ होगा कि जिन पर टीएमसी का वोटर नहीं होने का अंदेशा होता था, उसके घर का पानी और बिजली का कनेक्शन काटना वहाँ एक आम बात हो गई थी।
बीजेपी या आरएसएस में कुछ बहुत ही अच्छे लोग हैं, पर ऐसे गुंडों के कारण ही लोगों का मोहभंग होना शुरू हुआ। ये कुछ उदाहरण हैं, अन्य दलों में भी यही हालत है।
इस स्थिति का समाधान क्या है?
इस व्यवस्था से बाहर निकलने के तीन साफ उपाय हैं:
- प्रशासनिक दक्षता: प्रशासन और उसके सभी विभाग अपने स्तर पर पूरी ईमानदारी और समयबद्धता से काम करें।
- राजनीतिक इच्छाशक्ति: सभी राजनीतिक दल समझें कि इन ‘स्टैंडिंग नेताओं’ का संरक्षण अंततः उनके अपने लिए घातक है।
- सक्रिय सिविल सोसायटी: समाज को अधिक प्रखर होना होगा, अन्यथा लोकतंत्र धीरे-धीरे भीड़तंत्र और गुंडातंत्र के नीचे दबकर रह जाएगा।
